सहारनपुर के बिहारीगढ़ में शनिवार की रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने स्टोन क्रेशर पर धावा बोल दिया। वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बनाते हुए करीब आठ हजार की नगदी सहित एक लाख रुपये का सामान लूट लिया।
सुबह चार बजे तक बदमाश क्रेशर पर ही डटे रहे। इस दौरान वहां बजरी लेने आने वाले चार और लोगों को भी बदमाशों ने बंधक बनाकर लूट पाट की। पड़ोस के क्रेशर पर लूट के दौरान जाग होने पर बदमाश भाग निकले।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधकों को मुक्त कराया। रविवार की देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खुशहालीपुर में सोलानी नदी के पास देवेंद्र कुमार का हरियाणा स्टोन क्रेशर है।
इस पर उत्तराखंड के बागेश्वर जिले का पप्पू पंत मुंशी है। शनिवार की रात वह और बिहार निवासी जेसीबी चालक विपिन क्रेशर पर सोए हुए थे। रात नौ बजे पांच छह हथियारबंद बदमाश क्रेशर पर पहुंचे और उन्हें तमंचे के बल पर कवर करके ढाई हजार की नगदी एवं दोनों से मोबाइल लूट लिए।
इसके बाद दोनों को शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर कमरे में बंद कर दिया। इसके आधा घंटे बाद खुशहालीपुर निवासी सुशील और सुमित बजरी लेने क्रेशर पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी दबोच लिया।
इनके मोबाइल और 1250 रुपये छीन कर उन्हें भी कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने वहां पहुंचे खुशहालीपुर निवासी ट्रैक्टर चालक सुशील से साढे़ सात सौ रुपये और उसके साथी रकम सिंह से तीन हजार पांच सौ रुपये तथा दोनों से मोबाइल फोन लूट कर उनको दूसरे कमरे में बंद कर दिया।
इसके अलावा बदमाशों ने क्रेशर से चार बैट्री, इनवर्टर, दो रसोई गैस सिलेंडर, जनरेटर का सामान, डीवीडी और स्टार्टर आदि सामान भी लूट लिया। इसके बाद सुबह चार बजे दो बदमाश तो यही रुक गए जबकि बाकी के पास के क्रेशर पर पहुंच गए।
वहां पहुंचते ही अचानक एक डंपर बजरी लेने आ गया जिसकी लाइट इन पर पड़ी तो क्रेशर पर मौजूद कुलदीप, प्रमोद, गौरव और सौरभ ने उनके हाथ में हथियार देख कर शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश भाग गए।
उनके जाने के बाद क्रेशर कर्मचारियों ने सौ नंबर पर फोन किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एसओ यशपाल सिंह के सीयूजी नंबर पर खबर की तो वे मौके पर पहुंचे। इसी बीच हरियाणा से एक डंपर स्टोन क्रेशर पर पहुंचा जिसे देख कमरे में बंद लोगों ने शोर मचाया तो उन्हें मुक्त कराया जा सका।
देर शाम स्टोन क्रेशर मालिक की तरफ से एक लाख रुपये के सामान के लूट की तहरीर थाने में दी गई। एसओ यशपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।