नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए बदमाश।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के चिलकाना में पुलिस ने नशे के चार सौदागरों को पकड़ा है। इनके पास से पांच किलो डोडा पोस्त, 22ग्राम स्मैक तथा दो बाइक बरामद हुई है।
थाना प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि सोमवार दोपहर बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति हरियाणा की तरफ से नशे का सामान लेकर आ रहे है। एसएसआई लोकेंद्र राणा की टीम ने दुमझेडा-घोडोपिपली मार्ग पर आने जाने वाली की निगरानी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद एक बिना नंबर की बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध लोगों को पुलिस ने रोक कर जांच की। इनके पास से पुलिस को पांच किलो डोडा पोस्ट चूर्ण बरामद हुआ। पकडे़ गये व्यक्ति गांव बड़ी पठेड़ निवासी मोबीन पुत्र यामीन तथा दुमझेड़ा निवासी जावेद पुत्र जब्बार है।
उधर, पुलिस ने चेकिंग के दौरान मंगलवार सुबह 11 बजे नल्हेड़ा तिराहे से स्मैक लेकर आ रहे दो लोगों को पकड़ा। इनके पास से पुलिस को 22 ग्राम स्मैक तथा एक बाइक मिली है।
पकड़े गये दोनों व्यक्ति ग्राम दूध गढ़ निवासी इकराम पुत्र लतीफ तथा गय्यूर पुत्र यासीन है। पुलिस ने बताया कि यह दोनों ग्राम दुमझेड़ा से स्मैक लेकर चिलकाना की तरफ आ रहे थे। पुलिस ने चारों का नशा विरोधी अधिनियम में चालान कर दिया।