सहारनपुर में डकैती और लूट की आधा दर्जन से अधिक घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद डकैती के आरोप में 6 आरोपियों को एवं एक व्यक्ति को डकैती का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नगदी, आभूषण, छह तमंचे, लैपटॉप, मोबाइल, बाइकों समेत अन्य सामान बरामद किया है। एसएसपर बबलू कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बिहारीगढ़ पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने शुक्रवार की शाम लगभग पौने सात बजे शिवालिक नदी के पास डकैती की योजना बना रहे सात लोगों की घेराबंदी कर ली।
पुलिस को देखते ही उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की और भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सात लोगों को दबोच लिया। जबकि 3 लोग फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पवन सैनी निवासी ग्राम कुरडीखेड़ा थाना बिहारीगढ, इमरान उर्फ मान्ना, जमालू, उमरदराज उर्फ उमरा निवासी ग्राम तेलपुरा थाना बुग्गावाला, जिला हरिद्वार, गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार, मुंतजिर उर्फ मुन्ता निवासी ग्राम थापुल
थाना बिहारीगढ़, खलीर्फुरहमान निवासी लोहानी सराय, सहारनपुर बताया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 तमंचे, कारतूस, 3 मोटरसाइकिलें, सोने एवं चांदी के आभूषण तथा 50 हजार की नगदी बरामद की है।