सहारनपुर के नागल में गांव सुहागिनी में सोमवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को सूचना दिए बिना आनन फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शमशान घाट पहुंचकर चिता को बुझाया तथा शव के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भिजवाया। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पति समेत आठ के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना सरसावा के गांव सलोनी निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि उसकी बहन अंग्रेजों उर्फ मीनाक्षी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व नागल थाना क्षेत्र के ग्राम सुहागनी निवासी बाबूराम के पुत्र जितेंद्र से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन के ससुराल वाले कम दहेज का ताना देते हुए मारपीट करते थे। करीब एक साल पूर्व उसके देवर की शादी हुई थी। इसमें ज्यादा दहेज मिला था। तब से ससुराल में उसे और सताया जाने लगा।
सोमवार शाम उन्हें सूचना मिली कि ससुराल में अंग्रेजो को मार दिया गया और ससुराली उसका अंतिम संस्कार करने जा रहे हैं। मायके वालों ने इसकी सूचना थाना नागल को दी।
लेकिन जब तक पुलिस पहुंची ससुराल वाले उसका अंतिम संस्कार कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने चिता बुझाई और उसमें से शव के अवशेषों को कब्जे में लिया। उन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
महिला अपने पीछे तीन साल का बेटा और एक साल की बेटी छोड़ गई है। प्रवीन ने पति जितेंद्र, सास प्रेमो, ससुर बाबूराम, देवर गिरधर, देवरानी कामिनी, ननद कविता, सोनिया और नंदोई गोपाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 बी, 201 व 3/4 दहेज अधिनियम में थाना नागल पर रिपोर्ट दर्ज कराई। एसओ ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। शव के अवशेषों को जांच के लिए भेज दिया गया है।