प्रतिबंध के बावजूद यमुना नदी में खनन कर रहे हरियाणा के लोगों को पकड़ने गई मिर्जापुर पुलिस पर माफियाओं ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके अन्य साथी मौके से भाग निकले। दोनों आरोपियों समेत दस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके से पुलिस ने खनन सामग्री से भरा एक ट्रैक्टर-ट्राली भी कब्जे में लिया है।
थाना प्रभारी मिर्जापुर शैलेंद्र यादव ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे उन्हें सूचना मिली कि लांड़ापुल के पास यूपी की सीमा में यमुना नदी में हरियाणा के कुछ लोग अवैध खनन करा रहे है। वे तुरंत फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे तो खनन माफियाओं ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
माफियाओं की तरफ से दो राउंड फायर किए गए। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अवैध खनन करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी ट्रैक्टर-ट्रालियों समेत हरियाणा की तरफ भाग निकले। मौके से खनन सामग्री से भरा एक ट्रैक्टर-ट्राली भी मिला, जिसे कब्जे में लिया गया।
पकड़े गए आरोपी मिसरान और जाबिर निवासी गांव ताजेवाला, थाना खिजराबाद (हरियाणा) समेत दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रोक के बावजूद जारी है अवैध खनन
यमुना समेत क्षेत्र की बरसाती नदियों में रोक के बावजूद अवैध खनन जारी है। रात के समय तिरपाल से ढके खनन सामग्री से भरे वाहन पुलिस की मिलीभगत से धड़ल्ले से सड़कों से गुजर रहे हैं।
दस बजे से लेकर तड़के चार बजे तक इन वाहनों को थोड़े-थोड़े समय बाद निकाला जा रहा है। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के नजदीक चारदीवारी के अंदर एक क्रेशर रात के समय चल रहा है, जिससे हर रोज खनन सामग्री से भरे ट्रक निकाले जा रहे है।
हालांकि पुलिस अवैध खनन के मामले में सख्ती बरतने का पूरा दावा कर रही है, लेकिन रात दस बजे के बाद सड़कों से गुजर रहे खनन सामग्री से भरे वाहन इनकी पोल खोल रहे है। इसके अलावा भैसा-बुग्गियों से तड़के चार बजे बड़ी मात्रा खनन सामग्री ढोई जा रही है।