सहारनपुर के प्रमुख मोबाइल कारोबारी हिमांशु हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमजद पर कुर्की की कार्रवाई कर दी गई। कोतवाली सदर बाजार पुलिस रविवार की शाम गांव दाबकी जुनादार स्थित अमजद के घर पहुंची, जहां से तमाम घरेलू सामान जब्त करने के साथ दरवाजे तक उखाड़ लाई।
हिमांशु की हत्या 12 मई की रात उस समय कर दी गई थी, जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। अगले दिन जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर विरोध प्रकट किया था।
दबाव के बीच पुलिस ने चार दिन के भीतर दो लोगों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया था। मगर घटना के मुख्य आरोपी अमजद और उसके एक अज्ञात साथी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। अमजद को राजनीतिक संरक्षण बताया जा रहा है।
पुलिस ने फरार अमजद के खिलाफ 81-82 की कार्रवाई की थी। साथ ही डीआईजी के द्वारा उस पर 12 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया हुआ है। कुछ ही दिन पहले सदर पुलिस द्वारा कोर्ट के आदेश का अवमानना का एक और मुकदमा अमजद पर किया गया है।
रविवार को कोतवाली पुलिस ने अमजद के दाबकी जुनारदार घर से कुर्की की। पुलिस उसके घर से बेड, बर्तन समेत तमाम सामान और दरवाजे तक उखाड़ लाई। भारी पुलिस बल को देखते हुए कोई विरोध नहीं कर सका। कोतवाली प्रभारी गिरीश कुमार जयंत ने कुर्की की पुष्टि की।