सहारनपुर के बेहट में दिल्ली-यमनोत्री हाईवे किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। व्यक्ति की धारदार हथियार से नृशंस तरीके से हत्या की गई है। मुंह को भी किसी भारी वस्तु से कुचला गया है।
माना जा रहा है कि हत्या कहीं ओर कर शव यहां फेंका गया है। पुलिस ने रिपार्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। रविवार की सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने थाना मिर्जापुर पुलिस को सूचना दी कि कासमपुर पुलिया के पास ग्लोकल यूनिवर्सिटी के सामने हाईवे किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और व्यक्ति की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति की किसी धारदार हथियार से नृशंस हत्या की गई है।
उसका गला रेतने के साथ ही मुंह, हाथों पर भी धारदार हथियार के गहरे निशान है। मुंह को किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचल गया है। व्यक्ति ने गहरे नीले रंग की पेंट और सफेद शर्ट के ऊपर लाल, काली और सफेद रंग की पट्टियों का स्वेटर पहन रखा था। उम्र करीब 40 वर्ष है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।