सहारनपुर के कोतवाली सदर क्षेत्र में बदमाशों ने गदर मचाया हुआ है। आलम यह है कि एक सप्ताह से ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा है, जिस दिन आपराधिक घटना न हो रही हो।
बढ़ते अपराध की वजह से ही कोतवाली और चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों और एक होमगार्ड को निलंबित तक होना पड़ा है। शनिवार 27 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे बदमाशों ने कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में एक व्यक्ति से बाइक लूटने के बाद पहुंचे खलासी लाइन
चौकी इंचार्ज अरविंद नैन पर चाकुओं से हमला कर पिस्टल और बाइक लूट ली थी। अगले ही दिन 28 अगस्त को सदर कोतवाली की ही रक्खा कॉलोनी में दिनदहाड़े छत के रास्ते एक मकान में घुसे बदमाशों ने एक नकदी और लाखों का जेवर लूट लिया था। 29 अगस्त को बदमाशों ने सदर क्षेत्र में ही
बैंक पर 18.75 लाख का डाका डालने के साथ ही गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के कारण कोतवाली प्रभारी छोटे सिंह, सिविल लाइंस चौकी प्रभारी, एक हेड कांस्टेबल तथा एक होमगार्ड को निलंबित होना पड़ा।
एसएसपी ने छोटे सिंह की जगह नरेश कुमार को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी। उम्मीद थी कि पुलिस सतर्कता बरतते हुए अपराध पर अंकुश लगाएगी।
मगर अगले ही दिन मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे बृजेश नगर में पल्सर पर पहुंचे दो बदमाशों ने पड़ोसी के मकान का पता पूछने के बहाने पंकज गर्ग के मकान का दरवाजा खटखटाया।
जैसे ही पंकज की पत्नी नीलम घर के बाहर आई तो एक बदमाश ने दोनों हाथों से उनकी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। मंगलवार को ही दोपहर करीब 12 बजे चोरों ने सदर कोतवाली के ठीक सामने एक मकान से कई लाख रुपये के सोने के गहने चुरा लिए और बच निकले।
शाम करीब साढ़े पांच बजे बाइक सवार दो बदमाश खलासी लाइन क्षेत्र में एक युवती का बैग छीनकर भाग निकले। बैग में कुछ रुपये, मोबाइल और अन्य सामान था। इस प्रकार बदमाश एक के बाद दूसरी घटना को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।
खराब कानून व्यवस्था पर रोष जताया, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की मंगलवार को आयोजित बैठक में महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल और महानगर महामंत्री अजय शर्मा ने कहा कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं के लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार है।
वारदातों के सही खुलासे नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की। जिलाध्यक्ष जयवीर राणा, महामंत्री आदित्य राठी, हरीश मलिक, शैलेंद्र भूषण गुप्ता, डॉ. राजकुमार गाबा, संजीव वालिया, राजकुमार अरोडा, कपिल मल्होत्रा, गगन जैन, सुनील साहनी, संजय वालिया, गौरव गुप्ता, महेश भोला, श्रीपाल नागवंशी, विनय आहूजा, दीपक अग्रवाल, विनोद चोचड़ आदि रहे।