सहारनपुर के बेहट में तीन दिन पहले लापता हुए हरिपुर गांव निवासी युवक की लाश मंगलवार को गांव के ही तालाब में मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि मृतक नशे का आदि था। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि नशे की हालत में वह तालाब में गिरा होगा और डूबने से उसकी मौत हुई होगी, हालांकि पुलिस का कहना है, कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के हरिपुर गांव निवासी कुलदीप (20) पुत्र सतीश शनिवार की रात अचानक लापता हो गया था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। मंगलवार की सुबह दिन निकलते ही ग्रामीणों ने गांव के बीच स्थित तालाब में एक युवक की लाश को देखा, जो फूली हुई थी और सड़ चुकी थी।
ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो शव की शिनाख्त कुलदीप के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों एवं परिजनों ने बताया कि कुलदीप नशे का आदि था।
उन्होंने आशंका व्यक्त की कि कुलदीप नशे की हालत में रात के समय तालाब में गिर गया होगा और उसकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार विश्नोई ने बताया कि मौत की वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।