सहारनपुर के चिलकाना के गांव डिडौली खेड़ा में मामूली सी बात पर हुई कहासुनी में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गये, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी है। सूचना देने के एक घंटा बाद पहुंची पुलिस को लोगों की खरी खोटी सुननी पड़ी।
मंगलवार की सुबह चिलकाना थाना क्षेत्र के ग्राम डिंडौली खेड़ा में हंसराज काम्बोज का पुत्र मोनू एक दुकान पर खड़ा था, तभी वहां पर पूर्व प्रधान त्रिलोक काम्बोज का पुत्र कमलू भैंसा बुग्गी लेकर आया।
कमलू और मोनू में मामूली बात पर कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। लोगोें ने दोनों में बीच बचाव करा दिया। इसके एक घंटे बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये। दोनों तरफ से लाठी डंडे तथा धारदार हथियार चलने लगे।
इसमें एक पक्ष की ओर से शुभम पुत्र राजेश, मोनू पुत्र हंसराज तथा दूसरे पक्ष से कमलू उर्फ विजय व संजय पुत्र त्रिलोक घायल हो गए। जिन्हें ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुभम तथा मोनू की हालत गंभीर बनी है।
शुभम को गंभीर हालत में हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। राजेश की पत्नी रविता ने बताया कि जब बच्चों में पहले हाथापाई हुई थी, तब ही हमने चिलकाना पुलिस को फोन कर दिया था। लेकिन पुलिस दोबारा लड़ाई होने के काफी देर बाद पहुंची।
घटना स्थल पर पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। राजेश की तहरीर पर संजय, अजय, संदीप तथा कमलू के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है।