शहर के बीच स्थित कॉलेज में छात्रों ने कई राउंड फायरिंग की। गोलियां चलने से कॉलेज में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस को चार खोखे मिले हैं।
भोपा रोड स्थित कॉलेज में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे छात्रों की एंट्री हो रही थी। अथाई निवासी एक छात्र ने एंट्री के दौरान पहचान पत्र देखे जाने का विरोध किया। ड्यूटी कर रहे स्टाफ ने छात्र को बिना पहचान पत्र कॉलेज में जाने से रोक दिया। इस बात पर छात्र बिफर पड़ा और उसने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया और तमंचे, पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की।
आधे घंटे तक आरोपियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस को तीन खोखे 315 बोर और एक खोखा .32 बोर पिस्टल का मिला है। भागने के दौरान छात्रों की बाइक मौके पर ही रह गईं। बाइक की जांच करने पर क्लू मिलने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी छात्र की तलाश में भोपा के अथाई गांव में दबिश दी है। पुलिस के हत्थे एक आरोपी छात्र लग गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव का कहना है कि फायरिंग करने वाले छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।