सहारनपुर के थाना जनकपुरी पुलिस ने खानआलमपुरा के मोहल्ला तकिया में एक मकान पर छापा मारकर वहां चल रहे मिनी जुआघर को ध्वस्त कर दिया। मौके से11 जुआरियों को धर दबोचा।
पुलिस ने उनके पास से 11 मोबाइल और एक लाख 23 हजार की नगदी बरामद की है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि मोहल्ला तकिया में लंबे समय से जुआ खेला जा रहा था।
कुछ दिन पहले ही स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की थी। रविवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने टीम के साथ मोहल्ले में बने मुस्तकीम उर्फ छाती टूटा के मकान पर छापा मारा।
वहां से 11 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा। उनके पास से 11 मोबाइल, एक लाख 23 हजार पांच सौ की नगदी तथा दो ताश की गड्डी बरामद की। पुलिस उन्हें थाना ले आई।
सएसपी ने जुआरियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम के काम की सराहना की। पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी संजय सिंह और सीओ द्वितीय अमित नागर भी मौजूद रहे।
सट्टे की जांच कर रही पुलिस ः पकड़े गए जुआरियों में ज्यादातर लोग सक्षम परिवारों से हैं। इनमें कई व्यापारी और अच्छे खासे पेशे से जुड़े हुए हैं। उनके पास से मिले मोबाइल भी महंगे और ब्रांडेड हैं। पुलिस को सट्टा चलने का शक भी है।
पुलिस मामले की उस एंगल से भी जांच में जुटी है। गौरतलब है कि सहारनपुर में पहले भी आईपीएल पर लाखों का सट्टा लगता पकड़ा जा चुका है।