सहारनपुर के बेहट के खिड़का भटकवा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने रिश्तेदारी में गए एक परिवार के मकान के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी, जेवर समेत लाखों की चोरी कर ली।
इस घर से करीब ढाई लाख रुपये की नगदी, करीब 5.50 लाख रुपये के आभूषण चोरी किए गए। सूचना मिलने के बाद पहुंचे मकान मालिक से पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाली बेहट क्षेत्र गांव खिड़का भटकव्वा निवासी धीरज मित्तल परिवार के साथ नारायगढ़ अपनी बहन के यहां गए हुए थे। रात किसी समय चोरों ने उनके मकान के मैन गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल होकर कमरों के ताले तोड़े और एक कमरे में रखी सेफ के लॉक तोड़कर 2.20 लाख रूपये की नगदी, दस तोला सोना और 500 ग्राम चांदी चुरा ली।
सुबह होने पड़ोसियों ने मकान के मैन गेट का ताला टूटा देखकर धीरज को फोन पर सूचना दी। धीरज आनन-फानन में गांव पहुंचा और घटना की सूचना कोतवाली में दी। कोतवाली प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अंबेहटा के मोहल्ला किला में चोरों ने शनिवार तड़के एक मकान में घुसकर 25 हजार रुपये और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। आहट होने पर जागे मकान मालिक ने एक चोर को पकड़ लिया तो वह तमंचे के बल पर आतंकित कर भाग गया।
नगर के मोहल्ला किला निवासी मुर्करम ने बताया कि वह अपनी पत्नी शबनूर, पुत्र शाहजेब और पुत्री साजिया के साथ मकान के सहन में सो रहा था। तड़के करीब साढ़े तीन बजे उसे मकान में कुछ आहट महसूस हुई तो उसकी आंख खुल गई।
बताया कि दो चोर उसके मकान में घुसे हुए थे। जगा देख एक चोर भाग गया जबकि दूसरे को मुकर्रम ने दबोच लिया। दबोचे गए चोर ने उसकी कनपटी पर तमंचा रख गोली मारने की धमकी दी। इससे वह घबरा गया तथा उसका फायदा उठाकर दबोचा गया चोर छूटकर दीवार फांदते हुए भाग गया
मुकर्रम ने बताया कि उसने मकान के भीतर जाकर देखा तो अलमारी में रखी करीब 25 हजार रुपये की नगदी और चांदी के कुछ जेवर गायब थे। मुकर्रम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के दौरान पुलिस ने मकान के पास से एक पाजेब बरामद की। चौकी प्रभारी अरुण पंवार ने बताया कि एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है ।