शव ले जाते घानाखंडी के लोगों को रोकती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ग्राम घानाखंडी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी। इसी बीच परिजन रास्ते में ही शव को छीनकर भाग गए। बाद में कई थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा।
थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घानाखंडी निवासी संजय (22) पुत्र महावीर की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजन उसका दाह संस्कार की तैयारी कर ही रहे थे कि किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को एक थ्रीव्हीलर में रख लिया और परिवार के सदस्यों के साथ सहारनपुर के लिए चल दिए। लेकिन, जेलचुंगी के पास पहुंचकर अचानक परिवार के लोगों ने थ्री व्हीलर को रुकवा लिया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों को जबरन उतारकर थ्री व्हीलर में शव को लेकर तेजी से गांव की ओर भागे।
सूचना पर कई थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है तथा परिजनों को समझा बुझाकर पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वितीय अमित नागर ने बताया कि संजय का शव बेहट रोड पर पड़ा मिला। पास ही जहरीला पदार्थ भी मिला। पोस्टमार्टम हाउस के पास से परिजन संजय के शव लेकर भागे थे, लेकिन उन्हें समझाकर पोस्टमार्टम कराया गया है।