सहारनपुर मेंं अपने पड़ोसी के घर को आबाद करने के लिए एक शख्स ने अपने ही मौसेरे भाई के डेढ़ साल के बेटे का अपहरण कर लिया। शादी समारोह से अपहृत हुए बच्चे को पुलिस ने रात में ही सकुशल बरामद कर लिया है तथा एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर अपहरण के मामले का खुलासा कर दिया है।
चंदेना कोली में रविवार रात संजीत के परिवार में शादी का कार्यक्रम था। संजीत अपनी पत्नी ममता और अपने डेढ़ साल के बेटे लक्ष्य के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। परिवार के सदस्य की शादी होने के चलते संजीत और ममता अधिक व्यस्त हो गए।
अचानक लगभग छह बजे उनका डेढ़ साल का बेटा लक्ष्य अचानक गायब हो गया। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने रात को शादी समारोह में वीडियो को देखकर कुछ लोगों को चिह्नित किया और अतिथियों से भी बातचीत की।
इसी पूछताछ के आधार पर रविवार रात लगभग साढ़े बारह बजे अंबेहटा पीर में घेराबंदी कर एक मकान से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण के आरोपी दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम नितिन एवं मेमता निवासी अंबेहटा पीर बताया।
एसएसपी ने बताया कि नितिन और अपहृत बच्चे का पिता संजीत मौसेरे भाई हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि नितिन के पड़ोस में रहने वाली मेमता नि:संतान हैं। मेमता ने नितिन से कहा कि उसे अपने वारिस के लिए एक बेटा चाहिए। इसके बाद दोनों ने बच्चे के अपहरण का षड्यंत्र रचा।
नितिन अपने मौसेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए मेमता को भी अपने साथ लेकर पहुंचा और वहां से बच्चे का अपहरण कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।