बेहट के थाना मिर्जापुर पुलिस ने शाहपुर बांस गांव के पास बरसाती नदी के पास रपटे पर गोवंश से भरे कैंटर को घेराबंदी करने के बाद पकड़ लिया। पुलिस ने एक गोतस्कर को धर दबोचा, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले। कैंटर से 16 गोवंश बरामद हुए, इनमें पांच गोवंश मृत हालत में मिले।
थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि हरियाणा से एक कैंटर यूपी 11 एटी/1845 में हरियाणा से गोवंश लाया जा रहा है। पुलिस ने कैंटर को गांव शाहपुर बांस के पास नदी में रपटे पर घेर लिया।
घेराबंदी होते देख उसमें सवार चालक समेत दो गोवंश तस्कर भाग निकले, जबकि उनके तीसरे साथी को पुलिस ने धर दबोचा। कैंटर में चार गाय, चार बैल एवं तीन सांड़ जिंदा मिले, जबकि दो गाय, दो बैल और एक सांड़ मृत पाए गए।
जिंदा गोवंश को गांव जाटोवाला स्थित गौशाला भेज दिया गया और मृत गोवंश को जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवा कर दफन कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गोवंश तस्कर नदीम निवासी रायेपुर समेत उसके फरार साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।