सहारनपुर में गागलहेड़ी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर लाखों के माल की हेराफेरी करने वाले ट्रक चालकों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी निशानदेेेही पर मेरठ और गाजियाबाद के गोदामों से करीब 12 लाख रुपये का माल भी बरामद किया।
पकड़े गए तीनों आरोपी मेरठ के ही रहने वाले हैं, जिनके खिलाफ इसी तरह के उत्तराखंड और हरियाणा में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। गत 28 मार्च को सहारनपुर के गांव कुम्हारहेड़ा से पशु आहार कंपनी ने ट्रांसपोर्टर के माध्यम से माल कोलकाता भेजना तय किया था।
ट्रांसपोर्टर ने ट्रक संख्या डीएल 1 जीबी 7158 से पशु आहार की 777 पेटियां रवाना कर दी, जिनकी कीमत चार लाख नौ हजार 338 थी, लेकिन माल कोलकाता नहीं पहुंचा। इसके बाद पशु आहार कारोबारी ने थाना गागलहेड़ी में मुकदमा दर्ज कराया था।
एसएसपी ने एसपी सिटी संजय सिंह के निर्देशन में टीम गठित की थी। 13 जून को थाना गागलहेड़ी के उप निरीक्षक कुलदीप सिंह मुखबिर की सूचना पर अपनी टीम के साथ गागलहेड़ी चौक पहुंचे।
उन्होंने वहां ट्रक संख्या डीएल 1 जीबी 6498 को घेरकर उसमें से तीन लोगों को पकड़ लिया। एसपी सिटी संजय सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस गिरोह में छह सदस्य हैं, जिनमें से तीन को पकड़ लिया गया है, जबकि तीन फरार हैं।
बताया कि यह लोग ट्रांसपोर्टर के माध्यम से फर्मों से माल उठाते थे और बीच में ही गायब कर देते थे। इतना ही नहीं, यह लोग ट्रक का नंबर भी बदलते रहते थे। कई बार ट्रक का रंग भी बदलने की बात कबूल की है।
इसके अलावा फर्जी आरसी और फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस भी मिले हैं। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर मेरठ के पल्लवपुरम और मोदीनगर के गोदामों से करीब 12 लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम नौशाद पुत्र मौलाबक्श निवासी मोहल्ला हीरालाल एवं महबूब पुत्र शकूरा निवासी मोहल्ला मुबारक मवाना नगर, रफी पुत्र कलुआ निवासी सठला थाना मवाना, जिला मेरठ हैं।
उन्होंने फरार साथियों के नाम चंद्रप्रकाश कपूर पुत्र नरेश चंद्र कपूर निवासी पूर्वी दिल्ली, गजेंद्रपाल शर्मा पुत्र चंद्रपाल शर्मा विनोद नगर दिल्ली और सोमदत्त शर्मा पुत्र रामकिशन शर्मा निवासी मोदीनगर, जिला गाजियाबाद बताए हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर पल्लवपुरम मेरठ और मोदीनगर गाजियाबाद के गोदामों से करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
इसमें चार लाख रुपये का संतुलित पशु आहार, साढ़े पांच लाख रुपये की दवाएं, एक लाख सात हजार की कमानी, एक लाख रुपये के प्लाईबोर्ड, एक लाख दस हजार रुपये की रुई एवं एक ट्रक बरामद किया है।