सहारनपुर के देवबंद में सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर सीतापुर के दो भाईयों से करीब तीन लाख रुपये हड़प लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
पीड़ित व्यक्ति ने कासमी कॉलोनी में रहने वाले तीन सगे भाईयों पर षडयंत्र के तहत रकम हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में दी तहरीर दी है।
जनपद सीतापुर के मोहल्ला सिरस टोला निवासी नौमान अशरफ ने शुक्रवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि खानकाह पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित दारुल उलूम वक्फ के समीप कासमी कालोनी निवासी तीन सगे भाईयों से उनकी पुरानी जान पहचान है, जो विदेश में नौकरी दिलाने का काम करते हैं।
कुछ दिनों पूर्व मौसेरे भाई इलियास को तीनों ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने की बात कही थी। जिस पर वह 13 जुलाई को इलियास के साथ देवबंद पहुंचा।
उन्होंने तीनों भाईयों को पासपोर्ट और करीब एक लाख आठ हजार रुपये देकर शेष रकम खाते में डालने को कहा। उसके बाद उन्होंने अलग अलग तिथियों में उनके खाते में एक लाख 92 हजार रुपये डाल दिए।
लेकिन आज तक भी उसकी विदेश में नौकरी नहीं लगवाई। आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो तीनों भाई उनके साथ गाली गलौज करने लगे। इतना ही नहीं उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। नौमान अशरफ ने पुलिस से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।