सहारनपुर के नानौता में बदमाशों ने रविवार की रात देवबंद रोड स्थित केशवपुरम में घर के बाहर खड़े प्रधानाध्यापक को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से शिक्षक गंभीर रुप से घायल हो गए।
वारदात के बाद बदमाश देवबंद रोड से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहां गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कर दिया गया।
सूचना पर सीओ और थाना प्रभारी पहुंचे और बदमाशों की तलाश में कांबिंग शुरू कर दी। उधर, क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नानौता के उमाही राजपूत निवासी जबर सिंह उपाध्याय पुत्र राम प्रसाद उपाध्याय काशीपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं।
वे देवबंद रोड स्थित केशवपुरम में रहते हैं। रविवार की रात करीब आठ बजे वे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर फायर कर दिया। पेट में गोली लगने से वे वही गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर लोग उधर की ओर दौड़े तो बदमाश देवबंद की ओर फरार हो गए। घायल को लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत है।
सूचना पर सीओ जगदीश चंद्र और थाना प्रभारी अवनीश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से जानकारी के बाद फोर्स क्षेत्र में कांबिंग में जुट गई। सीओ ने बताया कि अब तक वारदात के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। गोली पेट में गुर्दे के पास लगी है। बदमाशों की धरपकड़ की जा रही है।