सहारनपुर के गागलहेड़ी में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से बाइक सवार बदमाशों ने 75 हजार की नगदी, मोबाइल और लैपटॉप लूट लिया और फरार हो गए। बाद में लैपटॉप और मोबाइल रास्ते में पड़े मिल गए।
जनलक्ष्मी माइक्रो फाइनेंस कंपनी की रुड़की शाखा में चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव डिंडोली खेड़ा का अर्चित कर्मचारी है। दोपहर बाद करीब साढे़ तीन बजे वह गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव पुंडेन से समूहों की महिलाओं से किश्त के रुपये इकट्ठा करके अपनी बाइक से रुड़की जा रहा था।
जैसे ही वह गांव छाछरेकी के पास पहुंचा तो पीछे से अपाचे बाइक पर आए बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। युवक उससे बैग छीन कर उसे धक्का देते हुए भाग गए। उसके अनुसार बैग में इकट्ठा की गई 75 हजार की नगदी, मोबाइल फोन और एक लैपटॉप था।
बदमाशों के जाने के बाद उसने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे लोग वहां इकट्ठा हो गए। बदमाशों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर बैग पड़ा मिला। नगदी गायब थी। एसओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।