घर में घुसे बदमाश मासूम बेटे को जान से मारने की धमकी देकर दो लाख की नगदी सहित करीब चार लाख रुपये का सामान लूट ले गए। विरोध पर महिला के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। कोतवाली में तहरीर दी गई है।
गंगोह कोतवाली के गांव शाहपुर रोड निवासी दिलशाद ने दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात वह घर पर नहीं था। उसकी पत्नी मीना चार वर्षीय पुत्र उमर के साथ घर में सो रही थी। तभी चार बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने उमर को कब्जे में लेकर उसके सर पर तमंचा सटा दिया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखी नगदी और जेवर देने की मांग की।
विरोध करने पर मीना के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने वहां रखी दो लाख रुपये और जेवरों सहित करीब चार लाख रुपये का सामान लूट लिया। जैसे ही बदमाश जाने लगे मीना ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव में जाग हो गई। ग्रामीणों को आता देख बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
लुटेरे गिरोह के चार बदमाश दबोचे
सहारनपुर। लूट को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के चार बदमाशोें को दो थानों की पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने धर दबोचा। थाना कुतुबशेर और कोतवाली सदर बाजार में हो रही लूट की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रदीप कुमार यादव और एसपी सिटी संजय सिंह ने थाना कुतुबशेर, कोतवाली सदर बाजार और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित कर बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। मुखबिर की सूचना पर टीम ने गांव ककराला में थरौली नहर की पटरी पर पीर के पास से चार संदिग्धों को दबोच लिया।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने लूट की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। तलाशी में उनके पास से चार तमंचे और पांच कारतूस बरामद हुए। उनकी निशानदेही पर लूट की एक लाख रुपये से अधिक की रकम, बाइक और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। लुटेरों पर दर्जनभर मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
एसपी सिटी संजय सिंह ने शनिवार को पत्रकार वार्ता कर पकड़े गए बदमाशों द्वारा की गई घटनाओं का खुलासा किया। बदमाशों में सचिन पुत्र सत्यपाल निवासी गांव जंधेड़ा रामपुर मनिहारान, अजय पुत्र ऋषिपाल निवासी सबदलपुर थाना कुुतुबशेर, विन्नी उर्फ विनीस पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गांव खैरसाल निवासी गंगोह तथा दीपक पुत्र शेर सिंह निवासी चंद्रपाल खेड़ी नकुड़ हैं।
बदमाशों को पकड़ने वालों में थाना कुतुबशेर प्रभारी शैलेंद्र शर्मा, क्राइम ब्रांच के निरीक्षक सुशील दुबे, सुनील कुमार, भूपेंद्र सिंह, संजीव कुमार यादव, जर्रार हुसैन, प्रवेश कुमार, रविंद्र सिंह, राजवीर सिंह, गौरव भाटी, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, नेत्रपाल सिंह, यशपाल सिंह शामिल रहे।