सहारनपुर के नानौता में शामली जनपद के गांव बराला के स्कॉर्पियो चालक इंतजार (32) का अपहरण कर बागपत में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। शव बूढ़पुर गांव के खेत से बरामद हुआ।
कैराना थाना क्षेत्र के गांव बराला निवासी इंतजार पुत्र अब्बास स्कॉर्पियो और किराये पर चलाता था। परिजनों के मुताबिक पांच सितंबर को दोपहर दो युवक स्कॉर्पियो को दिल्ली एयरपोर्ट के लिए बुक करके गए।
शाम करीब पांच बजे इंतजार के मोबाइल पर कॉल आई, इंतजार स्कॉर्पियो लेकर रवाना हो गया था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। फोन बंद मिला। कैराना थाना में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। इंतजार की तलाश में लगे हुए थे।
मंगलवार देर शाम उसकी स्कॉर्पियो सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली। इंतजार का शव रमाला क्षेत्र के बूढ़पुर गांव के गांधी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के पास ज्वार के खेत में मिला। उसके गले पर टेप लिपटी हुई है और शरीर पर चार-पांच चोट के निशान है।
आशंका जताई जा रही है कि उसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई है। कार्यवाहक रमाला थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा इंतजार का शव मिला है। उसकी हत्या किसने और क्यों की, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।