लोनी इलाके के बेहटा-हाजीपुर पैसेंजर ट्रेन में सीट को लेकर दो गुटों में हुई गोलीबारी में घायल शामली निवासी मुनव्वर को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उसके जबड़े में गोली लगी है, जिसकी वजह से उनकी हालत गंभीर है। ट्रेन में इस तरह की यह दूसरी घटना है। करीब पांच माह पहले भी इसी रेलमार्ग पर अहैड़ा स्टेशन के पास शामली निवासी एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जीआरपी का कहना है कि मुनव्वर उस डिब्बे में मौजूद था, जहां दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई। वह ट्रेन से दिल्ली से शामली जा रहा था। झगड़े से उसका कोई लेना-देना नहीं था। गोलीबारी के दौरान उसे गोली लग गई।
इस वारदात के कारण ट्रेन यात्री दहशत में आ गए। कई यात्री तो बीच रास्ते में ही ट्रेन से उतरकर चले गए। बड़ौत जीआरपी थाना इंचार्ज अजय पंवार का कहना है कि चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन हमलावर का सुराग नहीं लग सका है।
गलत आदमी को मार दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है मुनव्वर को गोली लगने के बाद भागते हुए हमलावरों ने कहा कि गलत आदमी को गोली लग गई है। हमला किसी दूसरे व्यक्ति पर किया जाना था। पुलिस पड़ताल में जुटी है। जीआरपी का कहना है कि हो सकता है कि भ्रम फैलाने के लिए यह बात कही गई हो, लेकिन हर बिंदु पर जांच चल रही है।
ट्रेन में हो चुकी हत्या
करीब पांच माह पहले अहेड़ा स्टेशन के पास शामली के ही युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक का शव बड़ौत में ट्रेन से उतारा गया था। ट्रेन में मारपीट की घटना तो आम है। इससे दैनिक यात्री परेशान हैं।
चौकी खुली, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली
आए दिन हो रही वारदातों को देखते हुए अग्रवाल मंडी टटीरी स्टेशन पर आरपीएफ की चौकी खोली गई है। दैनिक यात्रियों का कहना है कि इसके बावजूद वह सुरक्षित नहीं है।