सहारनपुर के बड़गांव के सिरसली कलां गांव में मामूली कहासुनी को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर धारदार हथियार एवं लाठी-डंडे चले। संघर्ष में दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना क्षेत्र के सिरसली कलां गांव निवासी शरीफ पुत्र शगीर अहमद व शहीद पुत्र जहूर के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे गली में जा रहे एक कुत्ते पर टिप्पणी करने पर दोनों पक्षों के बीच कुछ कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। संघर्ष में पक्ष के हनीफ पुत्र शब्बीर, शरीफ पुत्र शगीर, सलीम पुत्र शरीफ, गरीब पुत्र शगीर व अब्दूल पुत्र शब्बीर तथा नशीमा पुत्री शरीफ तथा दूसरे पक्ष के एजाज पुत्र जहूर,
सईद पुत्र जहूर, अजहर पुत्र इकराम गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु पुलिस ने नानौता अस्पताल भिजवाया है। थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।