सहारनपुर के ज्वालानगर निवासी बीके मक्कड़ पुत्र शांति स्वरूप को कुछ लोग कई महीने से ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोप है कि वह उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे थे।
कार्रवाई से बचने के लिए दस लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मना करने पर फोन पर धमकियां दी जाती थी। एसएमएस करके भी दबाव बनाने का प्रयास किया गया। पीड़ित का दावा है कि यदि पुलिस मोबाइल डिटेल निकलवाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
आरोप है कि ब्लैकमेल करने वालों की मांग जब पूरी नहीं हुई तो उन्होंने घर में घुसकर मारपीट भी की। शिकायत नगर कोतवाली में की तो कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी को शिकायती पत्र दिया गया। वहां भी सुनवाई नहीं हुई।
उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने नुमाइश कैंप निवासी सुनील कुमार और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है।