सहारनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के भारत गैस गोदाम के निकट मेडिकल स्टोर पर छापा मार कर हजारों रुपये की दवाइयां बरामद की। यह मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के ही चल रहा था, जबकि दूसरे मेडिकल स्टोर से तीन दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर आरसी यादव ने नगर कोतवाली पुलिस के साथ गैस गोदाम के निकट नूर बस्ती में चांद मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। जब जांच की गई तो मेडिकल स्टोर संचालक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नहीं दिखा पाया। जिस पर हजारों रुपये की दवाओं को जब्त कर लिया गया तथा तीन संदिग्ध दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। ड्रग इंस्पेक्टर आरसी यादव ने मेडिकल स्टोर संचालक जीशान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके अलावा टीम ने फलक मेडिकल स्टोर से भी तीन दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
ऑन लाइन पोर्टल पर शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
नगर कोतवाली क्षेत्र के पुराना घास कांटा निवासी खुर्शीद ने नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाएं मिलने की शिकायत मुख्यमंत्री को ऑनलाइन पोर्टल पर की थी। उसने आरोप लगाया था कि एक मेडिकल स्टोर पर नशे की गोली व सीरप बिकता है। खुर्शीद के अनुसार उसके छोटे भाई अरशद को उस मेडिकल स्टोर संचालक ने नशे की दवा एवं इंजेक्शन लगाए। जिससे अरशद की तबियत खराब हो गई। उत्तराखंड में उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि नशे की ओवरडोज के कारण इसके फेफडे़ व लीवर खराब हो गए हैं।