अंबेहटा (सहारनपुर) । दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे जहर देकर मार डाला। सूचना पर एसओ और तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंच शव की जांच पड़ताल की। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव जमालपुर थाना बेहट निवासी खुशनूद पुत्र अलीशेर ने बताया कि उसकी बहन खुशनसीब का निकाह करीब पांच वर्ष पूर्व नकुड़ कोतवाली क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी शौकत के पुत्र शौकीन के साथ हुआ था। खुशनूद ने बताया कि खुशनसीब की ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने के लिए अक्सर प्रताड़ित करते थे। बहन की खुशी के लिए उन्होंने कई बार खुशनसीब की ससुराल वालों को पैसे दे भी दिए थे। वर्तमान में वे खुशनसीब पर मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। लेकिन, खुशनसीब अपने मायके वालों की कमजोर स्थिति को देखते हुए पैसे लाने में आनाकानी कर रही थी। खुशनूद ने बताया कि मंगलवार की रात को गांव में से ही किसी ने उसे खुशनसीब की मौत की खबर दी। वे बहन की ससुराल पहुंचे। उनकी सूचना पर चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह और तहसीलदार रामदयाल रमन मौके पर पहुंच गए।
खुशनूद ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन के ससुरालियों ने रुपयों के लिए पहले उसकी बहन की पिटाई की। बाद में उसे जहर देकर मार दिया। चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि भाई खुशनूद की तहरीर पर मृतका के पति शौकीन, जेठ मेहरबान व देकर कुर्बान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी फरार हैं। मृतका खुशनसीब 25 साल की थी। उसका तीन साल का बेटा व डेढ़ साल की एक बेटी है।