नकुड़ (सहारनपुर)। बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा परचून व्यापारी की पत्नी से रुपयों से भरा थैला छीनकर फरार होने के मामले में पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं तथा पुलिस मामले का जल्द खुलासा कर सकती है। गौरतलब है कि बुधवार की देर रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक सवार दो बदमाश परचून के थोक व्यापारी सतीश चंद मित्तल की पत्नी रेणुबाला से उस समय रुपयों से भरा थैला झपटकर फरार हो गये थे, जब वह अपने नौकर कालू के साथ दुकान से घर जा रही थी। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली में तहरीर देकर थैले में करीब डेढ़ लाख रुपये होना बताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही पुलिस नगर में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं तथा पुलिस जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर सकती। उधर, इस संबंध में कार्यवाहक कोतवाल अजय गौड़ ने बताया कि छानबीन जारी है।