गंगोह (सहारनपुर)। बच्चे को कार से कुचलने के आरोपी को खुद सजा देने के इरादे से कोतवाली पर धावा बोलने वाली भीड़ में पुलिस ने आठ और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आठ महिलाओं सहित 47 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
बता दें कि दो मार्च को होली के दिन लखनौती के मजरे हरनामगढ़ निवासी प्रवीण के चार वर्षीय पुत्र निशांत की एक जायलो कार की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इससे पहले कि पुलिस आरोपी को जेल भेज पाती 3 मार्च को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कोतवाली पर धावा बोलकर आरोपी को हवालात से खींचने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का मुक्की तक की गई थी। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकार को भीड़ को कोतवाली से खदेड़ा था। इस मामले में पुलिस ने 47 नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दबिश शुरू कर दी थी। 15 लोगों को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों की 2 ट्रैक्टर-ट्राली और 17 बाइकों को भी अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया था। शुक्रवार को कवलसिंह, धर्मसिंह, देशराज, जगपाल, संजय, अंकित, आकाश और काला उर्फ विक्की को जेल भेज दिया है।