मुन्नाभाई के शक में एक परीक्षार्थी पकड़ा, बाद में छोड़ा
यूपी बोर्ड परीक्षा
- हड़बड़ाहट में बता दिया था घर का नाम
- विज्ञान: किसी को लगा कठिन, किसी को आसान
- तीन हजार से ज्यादा ने छोड़ी विज्ञान की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। यूपी बोर्ड में 10वीं की परीक्षा देते हुए मुन्नाभाई के शक में एक छात्र पकड़ा गया। मामला थाने तक पहुंचा, हालांकि पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।
मामला चिकमाना शेरपुर का है। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि यहां हाईस्कूल में विज्ञान का पेपर था। शक होने पर एक छात्र को पकड़ा था। छात्र ने अपना नाम प्रवेश पत्र में लिखे नाम से अलग बताया तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। उसे थाने लाया गया, लेकिन पूछताछ के बाद पता चला कि उसने अपने घर का नाम बता दिया था, जबकि उसका सही नाम वही है जो प्रवेश पत्र में लिखा है। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया। यूपी बोर्ड परीक्षा में अब तक जिले में चार मुन्नाभाई पकड़े जा चुकेहैं।
कुछ को मुश्किल तो कुछ को लगा आसान
मंगलवार को आयोजित विज्ञान का पेपर कुछ छात्र-छात्राओं ने आसान बताया तो कुछ का कहना था कि पेपर बहुत मुश्किल था। हाईस्कूल में पहली पाली में विज्ञान विषय में 24792 बालक पंजीकृत थे, जिनमें से 2935 अनुपस्थित रहे। वहीं, 18588 बालिकाएं पंजीकृत थे, जिनमें से 1056 अनुपस्थित थीं। वहीं इंटरमीडिएट में पहली पाली में विभिन्न विषयों केपेपर थे, जिनमें 498 बालक पंजीकृत थे, जिनमें से 30 अनुपस्थित रहे, जबकि बालिकाओं में 283 बालिकाएं पंजीकृत थी, जिनमें सात अनुपस्थित रहीं। वहीं, द्वितीय पाली में इतिहास के पेपर में 2360 बालक पंजीकृत थे, जिनमें से 253 अनुपस्थित रहे। 1943 बालिका पंजीकृत थीं, जिनमें से 92 अनुपस्थित रहीं। इतिहास का पेपर भी शिक्षकों और परीक्षार्थियों ने सामान्य बताया। अन्य विषयों में 3203 पंजीकृत थे, जिनमें से 290 अनुपस्थित रहे, जबकि बालिकाओं में 1948 पंजीकृत थीं, जिनमें से 92 अनुपस्थित रहीं।
जीआईसी में मेटल डिटेक्टर से परीक्षार्थियों की चेकिंग
राजकीय इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी मोबाइल लेकर प्रवेश कर गया था। इसके बाद से वहां मेटर डिटेक्टर से परीक्षार्थियों की चेकिंग की जा रही है। प्रधानाचार्य फतेह चंद ने बताया कि कई बार विद्यार्थी मोबाइल को छिपाकर ले जाते हैं, इस वजह से यह व्यवस्था की गई है कि ताकि इसे शुरू में ही पकड़ा जा सके।