सहारनपुर। ऑफिसर कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर कार बेचने के नाम पर उससे 94 हजार की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सदर कोतवाली में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ऑफिसर कॉलोनी निवासी दीपक यादव के अनुसार उसने पुरानी कार खरीदने के लिए ओएलएक्स पर जानकारी ली। जिस पर मेरठ के तेज विहार निवासी कालू सिंह ने संपर्क करके अपनी कार का सौदा 1.40 लाख में किया था। कार की कीमत के रूप में 94 हजार रुपये किसी अवनीश कुमार के खाते में जमा करवा लिए। उसके बाद तीसरे व्यक्ति नवीन सिंह तोमर निवासी चंडीगढ़ (पंजाब) द्वारा अपने चालक के साथ कार उसके पास लेकर आने की बात कही, उसका फोन नंबर भी दिया। दीपक यादव का आरोप है कि पैसे जमा कराने के बाद भी कोई व्यक्ति उनके पास कार लेकर नहीं आया और अब आरोपियों का फोन नंबर भी बंद है। कार्रवाई के लिए सदर कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। दीपक ने कोर्ट के माध्यम से तीनों आरोपियों को नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर कोतवाली प्रभारी पंकज पंत का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों केे खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।