देवबंद (सहारनपुर)। विवाहिता ने पति सहित ससुरालियों पर मायके में आकर मारपीट करने तथा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी इकरा परवीन ने बताया कि करीब सात माह पूर्व उसकी शादी मोहल्ला खानकाह निवासी व्यक्ति से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति और ससुरालिए उसे परेशान करने लगे। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। इकरा का आरोप है कि सोमवार को पति मां से मिलाने के बहाने उसे मायके लेकर आया और छोड़कर वापस चला गया। कुछ देर बाद वह परिवार के कई लोगों के साथ आया और अभद्रता करने लगा। जब इसका विरोध किया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं वह खींचकर उसे एक कमरे में ले गया और लोहे की जंजीर गले में डालकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। शोर मचाने पर पड़ोसियों को आता देखकर आरोपी भाग निकले। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज
देवबंद। सड़क हादसे में बाइक सवार के घायल होने के मामले में पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। नागल क्षेत्र के गांव नगली महनाज निवासी जगपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि दो दिन पूर्व बेटा अनुज बाइक पर देवबंद में काम से आया था। शाम को वह घर लौट रहा था। जब वह तलहेड़ी पुलिस चौकी के पास पहुंचा तो सामने से आए वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें अनुज घायल हो गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।