रेलवे संपत्ति चोरी कर कबाड़ी को बेचने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। आरपीएफ ने रेलवे के आर्मी टैंक की लैसिंग चेन चोरी कर सरसावा के कबाड़ी को बेचने के आरोप में एक कबाड़ी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 25 लैसिंग चेन (लोड वाहन में प्रयुक्त होने वाली मोटी जंजीर) बरामद की गईं हैं। इनकी कीमत लगभग 2.14 लाख रुपये बताई जा रही है।
बता दें कि यमुनानगर के कलानौर रेलवे यार्ड में आर्मी रैक की लैसिंग चेन चोरी की लगातार घटनाएं हो रहीं थीं। रेलवे अधिकारियों को कलानौर-सरसावा सेक्सन में आपराधिक गतिविधियों एवं रेल संपत्ति के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिल रही थीं। इस पर सहारनपुर आरपीएफ प्रभारी योगेश कुमार एवं यमुनानगर-जगाधरी के आरपीएफ उप निरीक्षक रमेश कुमार ने एक टीम गठित की। रविवार रात टीम ने कलानौर स्टेशन पर 203-204 नंबर के बीच नाकाबंदी कर दी। टीम ने चार व्यक्ति कलानौर स्टेशन के यार्ड में लाइन नंबर चार पर खड़ी आर्मी रैक के पास दिखाई दिए जो लैसिंग चैन की चोरी कर रहे थे। आरपीएफ की टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लैसिंग चैन चोरी कर सरसावा में एक कबाड़ी की दुकान पर बेच देते हैं। टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर सरसावा में कबाड़ी की एक दुकान पर छापा मार दिया। छापेमारी में कबाड़ी की दुकान से 25 लैसिंग चैन बरामद की गईं। आरपीएफ प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक लैसिंग चैन की लंबाई लगभग सात फीट और वजन लगभग 30 से 35 किलोग्राम है। लैसिंग चैन की कीमत 1100 रुपये प्रति फुट बताई। बरामद की गई चेन 195 फीट है। इसकी कीमत 2 लाख 14 हजार रुपये है।
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम मुस्तकीम उर्फ माधो, शहजाद खान उर्फ पद्दी, मोहम्मद ताहिर उर्फ बिल्लू निवासी ग्राम लापर, यमुनानगर, निशांत उर्फ सचिन निवासी ग्राम महमूदपुर यमुना नगर एवं मुनीर अहमद उर्फ भूरा निवासी सब्जी मंडी झंडा चौक सरसावा बताया। आरपीएफ आरोपियों के बारे में और भी जानकारी करने का प्रयास कर रही है।