देवबंद (सहारनपुर)। पठानपुरा के एक युवक ने सऊदी अरब में मिली महिला पर नकली बीवी बनकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवक के मुताबिक महिला मकान अपने नाम कराने व लाखों रुपये दिए जाने का दबाव बना रही है तथा ऐसा न करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है।
बृहस्पतिवार को देवबंद-गंगोह बाईपास स्थित अपने प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए मोहल्ला पठानपुरा निवासी नौशाद ने बताया कि वह सऊदी अरब में काम करता था। इस दौरान उसकी मुलाकात शबाना नामक महिला से हुई। जो बेहद परेशान थी। उसकी परेशानी को देखते हुए और अपने वतन की होने के चलते उसने उसे बिन लादेन कंपनी में सफाईकर्मी के पद पर काम पर लगवा दिया। जिसके बाद उनकी फोन पर बातचीत भी होने लगी। नौशाद के मुताबिक शबाना कंपनी में गलत काम करती हुई पकड़ी गई थी और करीब 20 दिन जेल में भी रही। बाद में वह मुंबई आ गई। कुछ समय बाद वह भी भारत वापस आ गया। परिचित होने के नाते उसने उसके साथ कुछ फोटो भी खिंचवाई। जिसको लेकर उक्त महिला अब उसे ब्लैकमेल कर रही है। इतना ही नहीं उसने कहीं से फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट भी बना लिया और इसके आधार पर वह उससे मकान का आधा हिस्सा तथा लाखों रुपये मांग रही है। आरोप है कि इससे पूर्व महिला और उसके परिवार के लोगों ने उस पर गलत इल्जाम लगाकर जेल भी भिजवाया था, जबकि पुलिस ने जांच में महिला के आरोपों को निराधार बताया था। इसके बावजूद भी वह उसके खिलाफ कोतवाली में झूठी तहरीर देकर उस पर दबाव बना रही है। नौशाद ने पुलिस से महिला के साथ कार्रवाई करने की मांग की है।