सहारनपुर। चोरों ने शादी समारोह में गए परिवार के मकान के ताले तोड़कर नगदी और जेवरात चोरी कर लिए।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र की नंदपुरी कॉलोनी में नीता पत्नी नरेंद्र सिंह बच्चों के साथ बृहस्पतिवार की रात को घर का ताला लगाकर नानौता में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए चले गए। चोरों ने मकान बंद देख घर का ताला तोड़ दिया और घर में घुस गए। चोरों ने अलमारियों का ताला तोड़ डाला और 15 हजार रुपये, सोने एवं चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य द्वार सहित कमरों व अलमारियों के ताले टूटे पड़े मिले। घटना की सूचना थाना कुतुबशेर पुलिस को दी गई। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। नीता ने इस मामले में थाना में तहरीर दी है।