चिलकाना (सहारनपुर)। पठेड़ में एक महिला के साथ मकान बनवाने के नाम पर ठगी करने तथा उस महिला पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चिलकाना थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सांय पठेड़ बस स्टैंड पर रघुनाथपुर गांव निवासी एक महिला ने गांव ढुलानी निवासी महबूब उर्फ दडू को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपना मकान बनवाने के नाम 50 हजार रुपये दिए थे। मकान के अभी तक नहीं बनने के बाद उक्त महिला ने अपने रुपये वापस मांगे। महबूब ने रुपये वापस देने से मना कर दिया और महिला को धमकाया तथा उस चाकू से हमला कर दिया। हमले से घायल हुई महिला ने डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महबूब को गिरफ्तार कर लिया तथा घायल महिला को जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हमले तथा ठगी के आरोपी महबूब का चालान कर दिया है।