नकुड़ (सहारनपुर)। नकुड़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से करीब एक सप्ताह पूर्व दो बच्चों को लेकर प्रेमी के साथ गई विवाहिता को पुलिस ने बरामद कर लिया है। जबकि उसके प्रेमी का पुलिस को अभी तक कोई सुराग नही मिला है। पुलिस ने विवाहिता के एसडीएम कोर्ट बयान दर्ज कराने के बाद उसके माता-पिता की सुपुर्दगी में सौंप दिया है। कोतवाल यशपाल सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दो बच्चों की मां करीब एक सप्ताह पूर्व अपने दोनों बच्चों के साथ लापता हो गई थी। जिसके बाद विवाहिता के पति ने तीन अप्रैल को दूसरे समुदाय के एक युवक पर उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर एनसीआर दर्ज कराई थी। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने लापता हुई महिला को रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित आरोपी युवक की रिश्तेदारी से बरामद कर लिया है। जबकि आरोपी युवक अभी फरार चल रहा है। पुलिस ने विवाहिता का मेडिकल करा शनिवार को एसडीएम कोर्ट में बयान दर्ज कराने हेतु पेश किया है। कोतवाल ने बताया कि महिला ने एसडीएम कोर्ट में अपने माता-पिता के साथ जाने की इच्छा जाहिर की है। जिसके बाद उसे उसके मायके वालों को सौंप दिया गया है तथा आरोपी युवक की तलाश जारी है।