सहारनपुर। गंगोह पुलिस ने विश्वामित्र स्कूल के पास से एक मोटरसाइकिल पर 50 किलो डोडा ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल हो गए।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गंगोह पुलिस को शनिवार को लाखों रुपये का मादक पदार्थ की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गंगोह पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। विश्वामित्र स्कूल के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिलों पर तीन युवक आते हुए नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोक कर तलाशी ली तो उनमें से एक के पास 50 किलो डोडा बरामद हुआ। यह देख उसके दो अन्य साथी भाग निकले। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों हाथ नहीं आ सके। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अमजद निवासी सांगाखेड़ा बताया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। जबकि फरार आरोपियों का नाम इसरान निवासी सांगाखेड़ा तथा वादिल निवासी सांगाखेड़ा बताया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पूछताछ में आरोपी अमजद ने बताया कि बरामद डोडा पोस्त के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। उसके फरार साथी ही जानते हैं कि वह कहां से खरीदकर लाते हैं और कहां बेचते हैं।
दो गिरफ्तार
सहारनपुर। कुतुबशेर पुलिस ने रजबहा पुलिया से सद्दाम निवासी इलाहीपुरा नूरबस्ती को चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
जबकि मंडी कोतवाली पुलिस ने निसार रोड मंडी से जीशान निवासी रायवाला को 150 ग्राम अवैध चरस साथ गिरफ्तार किया है।