शाहगंज। सरपतहा थाना क्षेत्र के भगासा पठकौली गांव में शनिवार की शाम करीब सात बजे जलती हुई लालटेन बिस्तर पर गिर पड़ी जिससे आग लग गई। इस घटना में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोग झुलस गए। तीनों को शाहगंज स्थित एक निजी चिकित्सालय लाया गया जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
भगासा पठकौली गांव निवासी जिलाजीत पाठक के घर में उनके दोनों जुड़वा बच्चे शाम को घर में खेल रहे थे। खेलते समय बच्चों ने न मालूम कैसे जलती हुई लालटेन बिस्तर पर गिरा दिया। लालटेन में भरा मिट्टी का तेल बिस्तर पर फैल गया जिससे आग लग गई। इस घटना में दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी चीख सुनकर घर में मौजूद बच्चों की बड़ी मां कंचन (40) भागकर मौके पर पहुंची। बच्चों के बचाने में कंचन भी झुलस गई। गंभीर रूप से झुलसे शिवांशु (2), शिवांगी (2) और कंचन को शाहगंज के एक निजी चिकित्सालय लाया गया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।