गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्र में सड़क किनारे चल रहे अधिकांश ढाबों पर खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। पुलिस ने डोडा पोस्त के दो बड़े सप्लायरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों की आल्टो कार से दो कुंतल डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है।
सीओ ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नानौता चौक पर एसएसआई संजीव यादव पुलिस टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी नानौता की और से एक आल्टो कार आती दिखाई दी। उन्होंने उसे रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार दो लोग कार को सड़क पर छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करने के बाद उन्हें पकड़े लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के चार बोरों में भरा दो कुंतल डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस आरोपियों को कार सहित कोतवाली ले आई। वहां पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गांव सांगाठेड़ा निवासी इनाम पुत्र अब्बास एवं तसव्वर पुत्र इलियास बताए है।
ढाबों पर खुलेआम बेचा जा रहा डोडा पोस्त
गंगोह। कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि उक्त आरोपी पिछले काफी समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त है। यह नानौता, गंगोह, नकुड़ और सरसावा में सड़क किनारे चल रहे ढाबों पर नशीला पदार्थ सप्लाई किया करते थे। वहां ट्रक चालकों, हेल्परों, युवाओं ़और नशे के शौकीन अन्य लोगों को मोटा मुनाफा लेकर इसे बेचा जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ढाबों पर भी छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। अवैध रूप से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो गई।