बेहट (सहारनपुर)। जनता इंटर कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हुई। पंच से किए गए हमले में दो छात्र जख्मी हो गए। सूचना पर पुलिस एवं कॉलेज स्टॉफ मौके पर पहुंचा तो हमलावर छात्र फरार हो गए। घायल छात्रों को पुलिस कोतवाली लेकर आई और उसके बाद उनका सीएचसी में मेडिकल कराया गया।
दो गुटों के छात्रों में किसी बात को लेकर पिछले कई दिन से तनातनी चल रही थी। आरोप है कि शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे छुट्टी के समय एक गुट ने कुछ बाहरी युवकों के साथ दूसरे गुट के छात्रों पर हमला कर दिया। पंच से किए गए हमले में कक्षा 12 के छात्र अमरजीत एवं कक्षा 11 के छात्र उमेश निवासी मोहल्ला माजरी बेहट जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही प्रधानाचार्य ललित कुमार स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर छात्र बाहर से बुलाए गए युवकों के साथ मौके से भाग निकले। उधर, सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जख्मी छात्रों को कोतवाली लाने के बाद उनका सीएचसी में उपचार कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश गिरि ने बताया कि अभी तक इस मामले में तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।