नागल (सहारनपुर)। एक अज्ञात कालर ने खुद को गृह मंत्री राजनाथ सिंह का पीए बताते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष को जमीन के एक विवाद के फैसले से खुद को दूर रखने की हिदायत दी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री कार्यालय पर जब फोन करके माजरा जानना चाहा तो पता चला कि यहां से कोई काल नहीं की गई। इसके बाद नागल थाने में तहरीर देकर जिला अध्यक्ष ने काल करने वाले को चिह्नित कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र कश्यप ने नागल थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव खटौली में मंदिर की जमीन को लेकर एक पक्ष का प्रधान पक्ष से विवाद चला आ रहा है। वे इस मामले में समझौते के प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे बुधवार की रात एसडीएम देवबंद व राजस्व विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच वार्ता कर मामले का हल निकालने का प्रयास चल रहा था। सुलह न होने पर जब वह लौट रहे थे तो इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का पीए बताते हुए कहा कि जहां आप गये थे उस मामले से हट जाओ नहीं तो गांव में सांप्रदायिक संघर्ष हो जाएगा। इस नसीहत के बाद फोन करने वाले ने काल डिस्कनेक्ट कर दी। इसके बाद बिजेंद्र कश्यप ने गृह मंत्री कार्यालय को फोन करके काल करने वाले की शनाख्त करनी चाही तो पता चला कि वहां से कोई फोन नहीं किया गया है। नागल थाना प्रभारी अमरदीप लाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही जिला अध्यक्ष को गृह मंत्री का पीए बन कर फोन करने वाला पुलिस की गिरफ्त में होगा।