मकान के ताले तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी
बेहट (सहारनपुर)। इंदिरा कालोनी में चोरों ने एक मकान के ताले तोड़कर 25 हजार रुपये की नगदी सहित करीब डेढ़ लाख की कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित मकान मालकिन ने कुछ जरूरी कागजात भी चोरी होने की बात कही है। घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है। पुलिस को दी तहरीर में इंदिरा कालोनी निवासी सफिया ने बताया कि वह सोमवार को बाहर गई थी। जब रात करीब साढ़े दस बजे वह लौटी तो मेन गेट पर ताला लगा था। लेकिन अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी का लॉक भी तोड़ा गया था। अलमारी में रखी नगदी, जेवरात, गाड़ी के कागज आदि चोरी किए जा चुके थे।