बड़गांव (सहारनपुर)। लूट की योजना बना रहे तीन शातिर बदमाशों को दल्हेड़ी गांव के जंगल से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से दो तमंचे और एक चाकू बरामद हुआ है। शुक्रवार सुबह बड़गांव पुलिस ने एक सूचना के आधार पर तीन शातिर लुटेरों को थाना क्षेत्र के गांव दल्हेड़ी निवासी तेजपाल सिंह की ट्यूबवेल से धर दबोचा। पुलिस के अनुसार वे लूट की योजना बना रहे थे। किदवई नगर थाना कोतवाली नगर सहारनपुर निवासी राशिद अली पुत्र सगीर, कलसिया रोड शिवधाम कालोनी थाना मंडी सहारनपुर निवासी सलमान पुत्र मो. शाहिद अंसारी तथा मोहल्ला जेल चुंगी मौज्जमपुरा थाना जनकपुरी सहारनपुर निवासी राकेश पुत्र खुशीराम को एक तमंचा 12 बोर, पांच कारतूस व एक तमंचा 315 बोर, चार कारतूस, एक चाकू सहित पकड़ा है। सभी को रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह तीनों ही लूट करने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र में एकत्र हुए थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए।