शोएब हत्याकांड का एक नामजद जेल भेजा
रामपुर मनिहारान। पिटाई से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद चार आरोपियों में से एक को जेल भेज दिया। परिजनों ने थाने पहुंच अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की मांग की। उधर, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इमरान मसूद ने भी मृतक के घर पहुंच परिजनों को सांत्वना दी।
नगर के मोहल्ला सराय निवासी शोएब पुत्र इस्लाम की मोहल्ले के ही मनोज, सारंग, अमन, बोबी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर सात मार्च की रात को मारपीट हो गई थी। इसमें शोएब की मौत हो गई थी। घटना के बाद शोएब के परिजनों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम को खोला गया था। मृतक के भाई शाहिद ने इस घटना में उक्त चारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक आरोपी अमन पुत्र बोबी को गिरफ्तार किया। शनिवार को थाने पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा से अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। थाना प्रभारी ने आश्वस्त करते हुए कहा कि रविवार तक तक सभी को पकड़ लिया जाएगा।
उधर, शनिवार को मृतक शोएब के घर पहुंचे कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में एसएसपी से बात कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करेंगे। इस मौके पर आबिद हसन, नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि विवेकांत सिंह, खलील अहमद, आफताब लाला, बाबर सिद्दकी आदि रहे।