कानूनगो को बहला फुसलाकर ले जाने में ग्राम प्रधान सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट
बड़गांव (सहारनपुर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी एक पिता ने अपनी कानूनगो बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में ग्राम प्रधान सहित चार लोगों को नामजद कराया है। मामला दो अलग अलग समुदाय का होने के कारण गांव में तनाव बना हुआ है गांव में तनाव देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बडगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी जिले की एक तहसील में कानूनगो है। उनके ही गांव निवासी सलीम पुत्र शरीफ और ग्राम प्रधान इरफान सहित चार आरोपी उसकी 32 वर्षीय कानूनगो बेटी को बहला फुसलाकर ले गए हैं। आरोप है कि उक्त आरोपियों ने उसकी पुत्री को ब्लैकमेल करते हुए उसके खाते में करीब साढे़ आठ लाख रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कराए हैं। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 366 में मामला दर्ज कर लिया गया है। युवती को बरामद करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।