पुलिसकर्मियों को नहीं मिला ठंडा पानी और ग्लूकोज
सहारनपुर। चौराहों पर गर्मी में ड्यूटी देने वाले यातायात और अन्य पुलिसकर्मियों को ठंडा पानी और ग्लूकोज उपलब्ध कराने के डीजीपी के आदेश हवाई साबित हुए हैं। दो माह बीतने के बाद भी चौराहों पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को यह सुविधा नहीं मिल रही है।
इन दिनों गर्मी और उमस के कारण दोपहर के समय बाजार और सड़कें सुनसान हो जाती हैं। लेकिन चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रहे हैं। बता दें कि 31 मार्च को सहारनपुर आए डीजीपी ओपी सिंह ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए ठंडा पानी और ग्लूकोज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे ताकि पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत मिल सके। डीआईजी के अनुपालन में गाइड लाइन जारी की गई थी। लेकिन दो माह बीतने के बाद भी निर्देशों का अनुपालन नहीं हुआ है। पुलिस विभाग ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए ठंडे पानी और ग्लूकोज की व्यवस्था नहीं कराई। गर्मी पसीना-पसीना होकर पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करनी पड़ रही है।
धूप से बचाव की नहीं कोई व्यवस्था
सहारनपुर। महानगर में चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मियों के लिए धूप से बचाव का कोई इंतजाम नहीं है। विश्वकर्मा चौक पर बना पुलिसकर्मियों का बूथ खस्ताहाल है। तिरपाल डालकर खुद ही पुलिसकर्मियों को धूप से बचाव का इंतजाम करना पड़ता है। यही हाल कलक्ट्रेट तिराहे, हसनपुर तिराहे, नकुड़ तिराहे, देहरादून चौक, आंबेडकर चौक, ईदगाह तिराहे का है। कई बार यहां पुलिसकर्मियों के लिए बूथ बनाए गए, लेकिन वाहनों की टक्कर से वह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
-------------------------------------
चुनाव में व्यस्त होने कारण इस योजना पर अमल नहीं हो पाया। तीनों जिलों के कप्तानों को नए सिरे से निर्देश भेजे जा रहे हैं। अगले एक-दो दिन में ठंडे पानी व ग्लूकोज की व्यवस्था करा दी जाएगी।
- शरद सचान, डीआईजी