नशीला बिस्कुट खिलाकर किसान से ट्रैक्टर-ट्राली लूटी
नागल (सहारनपुर)। चीनी मिल में गन्ना डालकर लौट रहे किसान को नशीला पदार्थ खिलाकर जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली और फरार हो गया। परिजनों ने बेहोशी की हालत में पड़े किसान को उपचार के लिए यहां के अस्पताल में भर्ती कराया। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच आरंभ कर दी है ।
शनिवार देर शाम गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव बोहडूपुर निवासी जयप्रकाश उर्फ बल्ला गांगनौली शुगर मिल में गन्ना डालकर घर लौट रहा था। जब वह मिल से बहार निकला तो वहां से एक युवक नागल तक जाने को कहकर किसान के ट्रैक्टर पर बैठ गया। किसान के अनुसार युवक ने गांव मीरपुर के पास बिस्कुट खिलाया। कुछ देर बाद उसे होश नहीं रहा। जब किसान घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। यह किसान चौधरी पट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। ट्रैक्टर-ट्राली गायब थी। इसके बाद किसान को सीएचसी नागल पर भरती कराया गया। घटना की तहरीर पीड़ित किसान के भाई ने थाने दी है। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।