जिला बदर सहित सात आरोपी किए गिरफ्तार
गंगोह (सहारनपुर)। गंगोह कोतवाली पुलिस ने विभिन्न आरोपों में जिला बदर सहित सात बदमाशों को पकड़ कर जेल भेज दिया है। इनमें से एक को 160 ग्राम चरस के साथ पकड़ा है। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला गुजरान में एक मकान पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से एक व्यक्ति को घेरकर पकड़ लिया। बताया गया है कि आरोपी ने पुलिस से छूटकर भागने की कोशिश की। लेकिन कामयाब नहीं हो सका। तलाशी लेने पर उसके पास से 160 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आई। मादक द्रव्य अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी इसी मोहल्ले का अकरम बताया गया है। इसके अलावा कोतवाली पुलिस ने शाह आलमपुरा निवासी शारीब और सराय निवासी नदीम को डेढ़-डेढ़ किलो डोडा पोस्त के साथ पकड़ा है। बाढ़ी माजरा निवासी शादाब को 12 बोतल हरियाणा मार्क अवैध शराब के साथ पकड़ा है। गांव सांगाठेड़ा निवासी तसव्वर को पुलिस ने चोरी करते समय पकड़ लिया। इसके पास से पुलिस को एक बाइक भी बरामद हुई है। कोतवाली पुलिस ने गुंडा अधिनियम में जिला बदर किए गए मोहल्ला कोटला निवासी फातिर को अवैध छुरी के साथ पकड़ लिया। मोहल्ला कुरैशियान निवासी अफजाल को भी अवैध छुरी के साथ पकड़ा गया।