शादी समारोह में गई किशोरी से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
नकुड़ (सहारनपुर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एक युवक पर शादी समारोह में गई नाबालिग बेटी को बहलाकर अपने गांव ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने कोतवाली में बताया कि सोमवार को वह अपनी 13 वर्षीय बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सहारनपुर में शादी समारोह में गई थी। जहां गांव शुक्रताल निवासी युवक भी गया हुआ था। आरोप है कि युवक नाबालिग को बहला फुसलाकर अपने गांव ले गया। आरोप है कि वहां किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। लड़की की तलाश करने पर परिजनों को पता लगा कि आरोपी उसे अपने गांव ले गया है। इसके बाद परिजनों के गांव में पहुंचकर लड़की को बेसुध हालत में लेकर नकुड़ कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, मामले की बाबत कोतवाल अमरदीप लाल ने बताया कि नाबालिग को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।